मजदूरी से लौट रही महिला की गला रेतकर हत्या, देवर पर शक - घटना के बाद से लापता।।
रन्नौद - शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरकला में बुधवार शाम मजदूरी से लौट रही एक महिला की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। महिला का शव खेत के पास रास्ते में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।।
जानकारी के अनुसार ग्राम बामौरकला निवासी प्रीति केवट (32) पत्नी बबलेश केवट बुधवार को गांव के ही सुल्तान पाल के यहां फसल कटाई की मजदूरी करने गई थी। बुधवार शाम करीब 6 बजे जब वह मजदूरी से वापस घर लौट रही थी, तभी मंजू महाराज के खेत के पास ब्लांक के रास्ते पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने प्रीति के गले के पीछे और दाहिनी तरफ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।।
मृतिका के देवर पूरन केवट (20) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली वालों के टमाटर के फार्म पर काम कर रहा था। तभी गांव के मंजू महाराज का फोन आया कि उसकी भाभी खेत के पास घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलने पर वह और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो प्रीति खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया गया है कि घटना के समय मृतिका का पति बबलेश केवट मजदूरी करने के लिए राजस्थान के कस्बाथाना गया हुआ था। वह पांच भाइयों में से एक है। ग्रामीणों के अनुसार मृतिका का एक देवर शिशुपाल केवट घटना के बाद से लापता है, जिससे उस पर शक जताया जा रहा है।।
ग्रामीणों का कहना है कि शिशुपाल अपनी भाभी प्रीति से अपने मन मुताबिक खेत पर मजदूरी करवाना चाहता था, लेकिन प्रीति ने उसके कहने से मना कर दूसरे किसान के यहां फसल कटाई का काम शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते यह हत्या की गई है, हालांकि किसी ने भी वारदात को होते नहीं देखा है।।
मामले में रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मृतिका के देवर पूरन केवट की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता देवर शिशुपाल की तलाश भी की जा रही है। हत्या किसने की है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं